सागर जहरीली शराब कांडः मास्टरमाइंड रवि लखेरा एनकाउंटर में गिरफ्तार, भागते वक्त पैर में लगी गोली
सागर के बंडा में हुए जहरीली शराबकांड के मुख्य सूत्रधार रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के जंगल से शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। भागने की कोशिश में गोली लगने से वह घायल हुआ।

Audio tools for this article
भोपाल। सागर जिले के बंडा में हुए जहरीली शराबकांड का मुख्य सूत्रधार रवि लखेरा आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बरायठा के जंगलों में छिपे इस अंतरराज्यीय शराब तस्कर को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लखेरा के पैर में गोली लगी।
बंडा क्षेत्र में हुई इस घटना में 35 से अधिक मौतों का दावा किया जा रहा है, जिनमें से 16 से अधिक मौतों की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि की है। जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे रवि लखेरा का ही दिमाग था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
रवि लखेरा मूल रूप से छतरपुर के महोबा का रहने वाला है और हाल ही में उत्तर प्रदेश के ललितपुर स्थित गंगापुरम कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह बरायठा क्षेत्र के जंगलों में छिपा है। सूचना पाते ही पुलिस बल ने हनुमान टोंग मंदिर के आसपास का इलाका घेर लिया।
घेराबंदी भांपते ही आरोपी ने पुलिस दल पर हमला कर भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा में और आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।
पहले भी रह चुका है फरार
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 2025 में रवि लखेरा सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में आबकारी एक्ट के तहत दर्ज मामले में फरार चल रहा था। कुछ महीने पहले ललितपुर पुलिस ने भी उसे एक अवैध शराब फैक्ट्री के साथ गिरफ्तार किया था।
अब नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।