इंदौर में बेटे को सांप काटने का डर दिखाकर 31 हजार ठगे, फोन पर बोला- दरगाह में पूजा नहीं कराई तो जान चली जाएगी
इंदौर के खजराना इलाके में एक महिला को फोन कर ठग ने उसके छोटे बेटे की जान पर सांप के खतरे का डर दिखाया। खुद को दरगाह का बाबा बताकर पूजा कराने के नाम पर पहले 6 हजार और फिर 25 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। दोबारा 25 हजार मांगने पर महिला को शक हुआ।

Audio tools for this article
इंदौर में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें पैसे ऐंठने के लिए ठग ने एक महिला को उसके बेटे की मौत का डर दिखाया। फोन करने वाले ने खुद को दरगाह का बाबा बताया और दावा किया कि उसके छोटे बेटे को सांप काटने वाला है। जान बचाने के नाम पर पूजा कराने की बात कही गई और महिला से 31 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए।
मामला खजराना थाना क्षेत्र का है। जकरिया कॉलोनी निवासी फिरदौस शाह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात नंबर से कॉल करने वाले के खिलाफ केस दर्ज किया है।
परिवार में कितने बेटे हैं, पहले यही पूछा
17 अगस्त को फिरदौस की सास साजिदा रऊफ के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को दरगाह का बाबा बताया और बातचीत के दौरान परिवार में बेटों की संख्या पूछी।
साजिदा ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं। इसके बाद फोन करने वाले ने कहा कि उसने रात में इबारत की है और उसमें परिवार के छोटे बेटे को सांप काटते हुए देखा है।
यहीं से उसने महिला को डराना शुरू किया। कहा गया कि बेटे की जान बचानी है तो दरगाह पर विशेष पूजा करानी होगी।
6 हजार के बाद मांगे 25 हजार
पूजा कराने के नाम पर आरोपी ने सबसे पहले 6 हजार रुपए मांगे। उसने एक क्यूआर कोड भेजा, जिस पर साजिदा ने रकम ट्रांसफर कर दी।
इसके बाद आरोपी ने एक और भुगतान करने को कहा। इस बार 25 हजार रुपए एक बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए। यानी कुछ ही समय में महिला से कुल 31 हजार रुपए ले लिए गए।
तीसरी बार पैसे मांगे तो खुलने लगा शक
31 हजार रुपए लेने के बाद भी आरोपी नहीं रुका। उसने फिर फोन कर 25 हजार रुपए मांगे। इस बार साजिदा को मामला संदिग्ध लगा और उन्होंने आगे पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।
आरोपी ने इसके बाद डर का एक और जाल बिछाया। उसने दावा किया कि जिस सांप की पूजा उसके पिता कर रहे थे, उसी सांप ने उसके पिता को काट लिया है और वह महिला द्वारा भेजे गए रुपयों पर बैठा है।
उसने यह भी कहा कि पैसे देने के बाद पूरी रकम वापस कर दी जाएगी और भुगतान नहीं किया तो पूजा अधूरी रह जाएगी। पूजा अधूरी रहने पर बेटे की जान को खतरा होने की बात कहकर महिला पर दबाव बनाया गया।
पैसे वापस मांगे तो फोन पर हुई बहस
जब साजिदा ने आगे रुपए देने के बजाय पहले भेजी गई रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कहा कि उन पैसों से पूजा का सामान खरीदा जा चुका है।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई और आरोपी ने फोन काट दिया। इसके बाद साजिदा ने आगे कोई भुगतान नहीं किया।
एक हफ्ते बाद परिवार को बताई पूरी बात
साजिदा ने तत्काल परिवार को इस घटना की जानकारी नहीं दी। करीब एक सप्ताह बाद उन्होंने अपनी बहू और बेटों को फोन पर हुई पूरी बातचीत और पैसे भेजने की बात बताई।
परिजनों ने इसके बाद साइबर सेल में शिकायत की। आवेदन की जांच के बाद खजराना पुलिस ने अज्ञात कॉलर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
मोबाइल नंबर और बैंक खाते से आरोपी की तलाश
पुलिस अब जिस नंबर से महिला को कॉल किया गया था और जिस बैंक खाते में रकम भेजी गई, उसकी जानकारी जुटा रही है। जांच के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
इस मामले में फिलहाल पुलिस ने ठगी के तरीके और पैसों के ट्रांजेक्शन को जांच का आधार बनाया है।
